रांची: हमारे देश का लोकतांत्रिक व्यवस्था संविधान के अनुरूप चलती है। हमारा संविधान हमारा मार्गदर्शक है। आज संविधान दिवस के मौके पर अनेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरला बिरला विश्वविद्यालय में गुरुवार को संविधान गौरव दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत विरासत का प्रतिबिंब है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन विश्वविद्यालय के विधि संकाय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य भारतीय संविधान को अपनाए जाने की ऐतिहासिक स्मृति को सम्मान देने के साथ विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विधि विभाग के विद्यार्थियों समेत विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, विश्वविद्यालय के माननीय महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक तथा माननीय कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने संविधान के अनुच्छेद 51A का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय स्मारकों का सम्मान करे तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। ऐसे में स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्यों को आत्मसात करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समाज में विभाजनकारी प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर एकजुटता की भावना को मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने वेदों, उपनिषदों एवं भारतीय परंपराओं का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों के बीच गहरे संबंधों को रेखांकित किया।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 356, जो किसी राज्य में संवैधानिक तंत्र की विफलता से संबंधित है, के महत्व को भी समझाया। साथ ही संविधान में समय-समय पर किए गए संशोधनों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक संविधान में 106 संशोधन किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये संशोधन बदलती सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप संविधान की विकासशील प्रकृति को दर्शाते हैं।
विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक ने अपने संबोधन में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत भारत की राष्ट्रीय विरासत, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को सदैव स्मरण रखने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इंस्टाग्राम, फेसबुक एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए संविधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों और संदेशों को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि संवैधानिक जागरूकता का विस्तार समाज के प्रत्येक वर्ग तक हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए संवैधानिक प्रावधानों, अधिकारों, कर्तव्यों एवं समसामयिक संवैधानिक विषयों पर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस सत्र ने विद्यार्थियों को संविधान को अधिक गहराई से समझने तथा उसके मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी पहचानने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गगनदीप चड्ढा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुबीर कुमार ने दिया। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान ने संविधान दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडली को बधाई संदेश प्रेषित किया है।














