रांची – राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आवास पर हुई .डिबडीह स्थित उनके पुराने आवास में बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई.बैठक में आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवशरण भगत के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद खीरू महतो शामिल हुए.राष्ट्रीय लोजपा के अध्यक्ष राजकुमार के अतिरिक्त लोजपा रामविलास के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान भी शामिल हुए.बैठक में यह तय हुआ कि नामांकन से लेकर चुनाव प्रचार तक आपस में समन्वय बनाकर सारे काम होंगे.लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के अलावा राष्ट्रीय लोजपा के अध्यक्ष पशुपति पारस भी चुनाव प्रचार में आएंगे.जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनाव प्रचार में शामिल होंगे.
लक्ष्य तय किया गया है कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर एनडीए की जीत होगी इस बैठक में शामिल बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सभी घटक दल के बीच समन्वय के साथ काम किया जाएगा.बैठक में मौजूद प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि पूरे देश में मोदी लहर है और इस लहर में हर जगह भाजपा और एनडीए के घटक दलों के प्रत्याशी की जीत होगी.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 साल में जितना काम किया है, वह अतुलनीय है.इसलिए देश की जनता उन्हें एक बार फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है.











