रांची- चंपाई सोरेन सरकार में पुराने चेहरे को कांग्रेस कोटे से मंत्री बनाए जाने के खिलाफ पार्टी के ही नाराज विधायक अब दिल्ली जा रहे हैं.दिल्ली जाकर वे केंद्रीय नेतृत्व से साफ-साफ बात करेंगे.पार्टी के नाराज विधायकों का कहना है कि जब तक चारों मंत्री नहीं बदले जाएंगे तब तक उनकी नाराजगी दूर नहीं होगी.शनिवार को अपराह्न 4 से 5 बजे के बीच सभी नाराज विधायक दिल्ली के लिए रवाना होंगे.दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से उनकी पहले मुलाकात होगी.उसके बाद विधायकों का प्रयास होगा कि इस मुद्दे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलें.कांग्रेसी विधायक अनूप सिंह का कहना है कि कांग्रेस कोटे के चारों मंत्री मुसलन आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता ,बादल पत्रलेख और रामेश्वर उरांव का परफॉर्मेंस खराब रहा है.इससे पार्टी की साख भी घटी है.इसलिए इन्हें हटाए जाना चाहिए.विधायकों के हिसाब से इस बार उनका यह दबाव अंतिम है.
उल्लेखनीय है कि चंपई सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस ने अपने पुराने चेहरों को ही मंत्री बनवाया है जिनके खिलाफ पार्टी के विधायक एक लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं.मंत्रिमंडल का विस्तार शुक्रवार को हुआ जिसमें स्थिति तो एक समय ऐसी बन गई थी कि कांग्रेसी विधायक शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार करने के निर्णय तक पहुंच गए थे लेकिन केंद्रीय नेतृत्व तक बात विस्तार से पहुंचाने के प्रदेश प्रभारी के आश्वासन के बाद सभी कांग्रेसी विधायक राजभवन पहुंचे.यूं कहा जाए कि पार्टी की किसी तरह से इज्जत बची.











